वाराणसी में छह दिसंबर के मौके पर वाराणसी में हिंदूवादी संगठनों ने शौर्य दिवस मनाया तो दूसरी ओर मुस्लिम इलाकों में दुकानों बंद कर विरोध जताया। पुलिस सतर्क रही। हिंदू संगठनों ने हवन, पूजन और वाहन जुलूस निकाले। दालमंडी, बेनियाबाग, नई सड़क, शिवाला, गौरीगंज, मदनपुरा, रेवड़ी तालाब सहित कई मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों की दुकानें बंद रही। दुकानों के बाहर छह दिसंबर बंद लिखा था। दुकानदार एक जगह एकत्र होकर चर्चा में मशगूल रहे।
विश्व हिंदू परिषद की ओर से इंग्लिशिया लाइन स्थित हिंदू भवन में हवन पूजन किया। धर्म प्रसार प्रमुख दिवाकर के नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया। उधर, बजरंग दल के संयोजक अर्जुन कुमार मौर्य के नेतृत्व में मोटरसाइकिल जुलूस निकला। छह दिसंबर शौर्य यात्रा के मौके पर बृज इंक्लेव कालोनी सुंदरपुर से महमूरगंज, रथयात्रा होते हुए विहिप कार्यालय पहुंची। जहां चल रहे हवन पूजन में शामिल हुए।
शिवसेना ने अस्सी घाट पर 1008 दीपक जलाकर विजय दिवस मनाया। इस मौके पर अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर के लिए शिलापूजन कर शिला को पार्टी के लखनऊ मुख्यालय भेजा गया। पार्टी के उत्तर भारत के नेता अरुण पाठक, आचार्य कृष्ण भगवान पांडेय, पंडित अजय कुमार चौबे, डा. अनिल तिवारी, आचार्य अरुण ओझा, आदि ने अपने विचार रखे।
उधर, शिवसेना ने लंका स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय प्रतिमा से वाहन जुलूस निकाले। महानगर प्रमुख धनंजय तिवारी के नेतृत्व में वाहन जुलूस निकाला गया। जो लंका, संकटमोचन, दुर्गाकुंड, आनंद पार्क होते हुए अस्सी घाट पहुंचा। वहां गंगा जल लेकर अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया। यहां सभा में विजय शर्मा, प्रदीप पांडेय, नीरज मिश्र, अजय चौबे आदि ने अपने विचार रखे।