बीएचयू कैंपस में जाती छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र में अष्टादश पुराणों पर 15 दिनों का स्पेशल शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किया जा रहा है। इसमें सभी 18 पुराणों में सृष्टि की उत्पत्ति से लेकर खगोल विज्ञान की पढ़ाई होगी। पुराणों में काशी, पर्यावरण और महिलाओं के प्रभाव को बताया जाएगा। 20 नवंबर से लेकर आठ दिसंबर तक इसकी कक्षाएं चलेंगी। इसमें ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, आईआईटी खड़गपुर, कुरुक्षेत्र, वर्धमान बंगाल, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश सहित कई संस्थानों के विशेषज्ञ अध्ययन केंद्र में कक्षाएं लेंगे। पंजीकरण की अंतिम तिथि 19 नवंबर रखी गई है।
विदेशी छात्रों की फीस 40 डॉलर
बीएचयू के छात्रों को इस कोर्स के लिए 1200 रुपये, शिक्षकों और स्कॉलरों को 3000 रुपये, बीएचयू से बाहर के छात्रों को 2000 रुपये और विदेशी और एनआरआई छात्रों को 40 डॉलर फीस जमा करनी होगी। कोर्स की कक्षाएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में चलेंगी। कोर्स पूरा करने वालों को अंत में सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इस कोर्स को लेकर एक गूगल फॉर्म भी जारी किया गया है जिसे भरकर आवेदन किया जा सकता है।
ऑक्सफोर्ड के प्रोफेसर पढ़ाएंगे पौराणिक राजधर्म
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज के डॉ. राज बालकर्ण पुराणों में राजधर्म, लोगों की भलाई और सुशासन की अवधारणा के बारे में बताएंगे। आईआईटी खड़गपुर के डॉ. अन्वय उपाध्याय पुराणों में स्त्री शक्ति और वर्तमान के ज्ञान, स्वायत्तता के बारे में जानकारियां देंगे।
वर्धमान यूनिवर्सिटी की डॉ. अर्पिता चटर्जी पुराणों में जल यानी कि नदी, सरोवर और जल संरक्षण की परंपरा की कक्षा लेंगी। इनके अलावा केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश, बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान, पुरातत्व विभाग, कला संकाय सहित संपूर्णानंद संस्कृत विवि और पार्श्वनाथ विद्यापीठ के एक्सपर्ट भी एक-एक घंटे तक पुराणों के कई विषयों पर लेक्चर देंगे।