शिवराज सिंह चौहान व सूर्य प्रताप शाही ने बाबा का लिया आशीर्वाद
काशी विश्वनाथ धाम में मंगलवार को पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान व सूर्य प्रताप शाही ने बाबा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। बाबा विश्वनाथ का पूजन करने के बाद मंदिर परिसर में भ्रमण करते हुए पीएम के कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे लिए किसान ही भगवान है और किसानों की सेवा भगवान की पूजा के समान है। कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा। उन्होंने कहा कि इसी भाव से भारत सरकार लगातार किसानों के कल्याण के कार्य में लगी है।
मेहदीगंज में आयोजित किसान सम्मान सम्मेलन में केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि लगातार तीसरी बार देश में सरकार बनाने के बाद प्रधानमंत्री पहली बार काशी पधारे हैं। इतने बहुमत से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना एक इतिहास है। जनता का यह जनादेश अपने आप में अद्भुत और अभूतपूर्व है।
ये प्रधानमंत्री की किसानों और खेती के प्रति प्रतिबद्धता है कि उन्होंने शपथ लेने के बाद सबसे पहले किसानों के खाते में पैसे डालने वाली फाइल पर दस्तखत किए। आज यहां आकर अपना पहला कार्यक्रम भी किसानों के बीच में किया। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के सिंगल क्लिक से लगभग सवा नौ करोड़ से ज्यादा किसानों के खाते में 20 हजार करोड़ रुपये जाने के बाद लगभग 3,25,000 करोड़ रुपये अब तक किसानों के खाते में डाल दिए गए हैं।