कभी जमीन तो कभी सोना, कभी टूर पैकेज तो कभी सस्ती गाड़ियाें का सपना दिखा कर करोड़ों का फर्जीवाड़ा कर फरार हुए शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम के खासमखास मो. तारिक को जैतपुरा पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। तारिक पर कई मुकदमे कैंट और जैतपुरा थाने से दर्ज हैं।
पुलिस को सूचना मिली कि नक्खीघाट तिराहे के पास मौजूद तारिक कहीं भागने की फिराक में है। इस पर जैतपुरा पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मोहम्मद तारिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में तारिक ने बताया कि साल 2016 में वह शाइन सिटी कंपनी से जुड़ा और बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर के पद पर रहते हुए राशिद नसीम के कहने पर वह लोगों को तरह-तरह के लुभावने ऑफर देकर उनसे धन उगाही की। जैतपुरा इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बताया कि तारिक के खिलाफ राजेश भारतीय निवासी भीम नगर सिकरौल ने कंपनी में इन्वेस्टमेंट, सोना एवं वाहन देने के नाम पर पैसा जमा करवाया था। इस बाबत राजेश ने कैंट थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
राशिद के बुलाने पर गया था दुबई
तारिक ने पुलिस को बताया कि 2019 में राशिद के बुलाने पर हांगकांग गया था। 2020 में राशिद ने पैसा देने की बात कह कर तारिक को दुबई बुलाया था, लेकिन दोनों की मुलाकात नहीं हो पाई। मो. तारिक कंपनी की ओर से टूर पर कई बार विदेश जा चुका है।