शाहंशाहपुर में बीते 23 सितंबर को रैली में पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के शाहंशाहपुर में बीते 23 सितंबर को पीएम मोदी की सभा में हंगामा करने के आरोपी 36 शिक्षामित्रों में से 13 को सोमवार की देर शाम जिला जेल से जमानत पर रिहा कर दिया गया।
शेष 23 शिक्षामित्र भी पुलिस वेरिफिकेशन के बाद रिहा कर दिए जाएंगे। वहीं, शिक्षामित्रों की रिहाई के दौरान पूर्व विधायक अजय राय, सतीश चौबे सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
बीते 23 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा से पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए शिक्षामित्रों पर यह भी आरोप है कि उन्होंने फर्जी तरीके से पास हासिल कर अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया था।
शिक्षामित्रों की रिहाई के संबंध में जिला जेल के जेलर पीके त्रिवेदी ने बताया कि छह अक्तूबर को सभी 36 शिक्षामित्र को एडीजे प्रथम की कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
पुलिस वेरिफिकेशन का काम पूरा होने के बाद छह महिला और सात पुरुष शिक्षामित्र जमानत पर रिहा कर दिए गए हैं। चार महिलाएं और 19 पुरुष शिक्षामित्र अभी जेल में ही हैं, उनका भी पुलिस वेरिफिकेशन हो जाएगा तो जमानत पर छोड़ दिया जाएगा।