दिन में छोटी ईद और शाम को शादियों की वजह से शहर जाम की चपेट में रहा। खासकर सिगरा, महमूरगंज, रथयात्रा, गुरुवार, लक्सा व मंडुवाडीह के इलाके में देर रात तक रौनक रही। इन इलाकों के सभी मैरेज लान आज बुक थे। सड़कों पर वाहनों की कतार इन शादियों की शान-ओ-शौकत को बयां कर रही थी। बहरहाल, सहालग के सीजन में शहर की ट्र्रैफिक का बैंड बज गया।
बुधवार के भडरिया नवमी थी। बड़ी तादाद में आज के दिन शादियां हुईं। शादियों की वजह से सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। यातायात पुलिस के सारे इंतजाम फेल हो गए। मैरेज लान के अंदर पार्किंग का मुकम्मल बंदोबस्त न होने का नतीजा हुआ कि लोग सड़क किनारे ही वाहन खड़ा करने को मजबूर रहे। गड्ढों की वजह से सड़कें पहले से ही संकरी हो गई हैं, ऐसे में वाहनों की अवांछित पार्किंग से शाम के वक्त कई इलाकों में यातायात ठप रहा। महमूरगंज में रात में बारात के चलते लंबा जाम लगा। मंडुवाडीह आरओबी का सर्विस रोड भी जाम की वजह बना। बारिश के चलते यह रोड गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। यही नहीं कैंट और वरुणा पार का इलाका भी सहालग की वजह से जाम से हांफता रहा। उधर, छोटी ईद पर मंडुवाडीह में हजरत मकदूम शाह तैयब बनारसी की मजार पर मेला लगा। इस मेले में शहर के अलावा आसपास के गांव के हजारों लोग जुटे। मेले की वजह से लहरतारा- डीरेका मार्ग, मंडुवाडीह से चांदपुर मार्ग पूरे दिन जाम की गिरफ्त में रहा।