एक तरफ जहां रोजगार को लेकर युवा परेशान हैं वहीं दूसरी तरफ आईआईटी बीएचयू में चल रहे कैम्पस प्लेसमेंट में कई छात्र-छात्राओं को लाखों के पैकेज मिल रहे हैं। जिससे आईआईटियंस में गजब का उत्साह दिख रहा है।
आईआईटी बीएचयू में शुक्रवार से चल रहे कैंपस प्लेसमेंट के तीसरे दिन 70 से अधिक छात्रों को प्लेसमेंट हुआ। इसमें सबसे ज्यादा सैमसंग कंपनी ने 23 छात्रों का चयन किया। साक्षात्कार के बाद सभी को क्रमश: 19.50 लाख का पैकेज दिया गया।
परिसर में दो जगह पर चल रहे प्लेसमेंट में तीसरे दिन पेपाल, ओयो रूम, मोर्गन स्टेनली, सिटी पुणे, टाटा स्टील आदि कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
प्लेसमेंट में बीटेक, डबल डिग्री और एमटेक के भाग लेने वाले 1055 में से अब तक 300 से अधिक छात्र-छात्रा चयनित हो चुके हैं। तीसरे दिन दूसरे नंबर पर मार्गन स्टेनली कंपनी रही। उसने सात छात्रों को 16.75 लाख का पैकेज दिया।
दूसरे दिन 250 से अधिक छात्रों को मिले पैकेज
demo pic
इससे पहले शनिवार को दूसरे दिन तक 250 से अधिक छात्रों को जॉब ऑफर मिल चुके थे। दूसरे दिन सबसे अधिक तीन छात्रों को 30-30 लाख रुपये के पैकेज पर जॉब ऑफर की गई।
संस्थान में दो जगह चल रहे प्लेसमेंट में दूसरे दिन फ्लिपकार्ट, पेटीएम, मीडियानेट, हीरो मोटोकॉर्प आदि 18 कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रोफेसर इंचार्ज अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि पिछली बार 121 कंपनियां आई थीं।
इस बार कम से कम 150 से अधिक कंपनियों के रहने की संभावना है। इसमें सबसे अधिक सॉफ्टवेयर कंपनियां हैं। साथ ही इस बार चयनित होने वाले छात्रों की संख्या भी अधिक है।
दूसरे दिन सर्वाधिक 30 लाख, दूसरे नंबर पर 25 लाख के पैकेज पर दो, 24 लाख के पैकेज पर 10 छात्र-छात्राओं को जॉब ऑफर की गई थी। कैम्पस प्लेसमेंट के पहले ही दिन एक छात्र को माइक्रोसॉफ्ट ने 1.39 करोड़ का पैकेज दिया था।
प्लेसमेंट में बीटेक, डबल डिग्री और एमटेक के कुल 1055 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल कंपनियों के साथ ही जॉब ऑफर पाने वाली छात्राओं की संख्या भी बढ़ी है।