सर्दी से बचने के लिए अलाव के पास बैठे लोग
- फोटो : अमर उजाला
लगातार बढ़ रही सर्दी जानलेवा होती जा रही है। पिछले 24 घंटे में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में ठंड से सात लोगों की मौत हो गई। वाराणसी में तीन लोगों की जान गई। इसके अलावा मिर्जापुर में ठंड की चपेट में आने से दो माह और 10 माह के दो बच्चों की मौत हो गई। मऊ में एक महिला और बलिया में एक वृद्ध की जान गई।
बनारस के राजातालाब क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव में कोमल ने अपनी पत्नी से पेट दर्द और ठंड लगने की बात कहते ही बेहोश हो गया। जब तक घर वाले कुछ समझ पाते तब तक कोमल की मौत हो चुकी थी। ग्राम प्रधान अनिल सिंह ने गुरुवार की सुबह रोहनिया पुलिस, एसडीएम राजातालाब को ठंड से मौत होने की जानकारी दी। ग्राम प्रधान अनिल सिंह ने मृतक के परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
चिरईगांव के संदहां गांव के सामने गाजीपुर रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के बरामदे में अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर चौबेपुर पुलिस पहुंच कर शिनाख्त करने का प्रयास की। लेकिन सफलता नहीं मिली।
कछवां रोड क्षेत्र के छतेरी गांव में बीती रात कुद्दुस अली (62) की ठंड लगने से मौत हो गई। बुधवार की शाम बाजार से घूम कर घर पहुंचे तो अचानक पेट में दर्द उठा निजी अस्पताल ले जाने पर मौत हो गई।