शहीद उद्यान में आयोजित विकास दीपोत्सव मेले का बुधवार को गरबा की मस्ती और डांडिया की धूम के बीच समापन हो गया। सात दिवसीय मेले के अंतिम दिन भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने विभिन्न स्टॉलों पर कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ ही खानपान की दुकानों पर विविध व्यंजनों के लुत्फ उठाए। शाम को डांडिया और गरबा की धमाकेदार प्रस्तुति देकर कलाकारों ने लोगों का मन मोह लिया।
अंतिम दिन पंडाल में लोगों ने हाथ से बने देसी सामान की खरीदारी की। बुधवार को मेला क्षेत्र दिवाली के उल्लास में सराबोर नजर आया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डांडिया और गरबा को लोगों ने खूब पंसद किया। युगल जोड़ों ने डांडिया नृत्य किया। मुख्य कलाकार अमित त्रिवेदी ने जब डांडिया गीत शुरू किया तो वहां मौजूद लोगों के पांव थिरकने लगे। डांडिया और गरबा में कृष्णा जोगी, संगीता गुप्ता, नैंसी गुप्ता, रिया जायसवाल, आकांक्षा पांडेय, रिया त्रिपाठी, कशिश गुप्ता संदीप मौर्य की टीम ने नृत्य कर समा बांध दिया।
मेले के समापन पर अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्या ने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) से संचालित 50 स्वनिधि मित्रों को प्रशस्ति पत्र दिया। स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 10 समूहों को ऋण वितरण का प्रमाणपत्र भी दिया। कौशल प्रशिक्षण एवं सेवायोजन के जरिए 35 लोगों को रोजगार कार्यक्रम के लिए प्रस्ताव पत्र दिया गया।