कोरोना काल में शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता कितनी है, इसकी जानकारी होना बहुत जरूरी है। यह न केवल किसी एक व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार की सेहत के लिए बेहतर कदम है। शुक्रवार से शुरू सीरो सर्वे में सैंपल लेने घर-घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को पहले जागरूक किया, फिर सभी का सैंपल लिया।
यह एक रक्त आधारित जांच है। व्यक्ति के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता का आकलन होता है। यह कोरोना की जांच नहीं है। सर्वे में रैंडम रूप से 18 से 59 आयु वर्ग के बीच के व्यक्ति का सैंपल लेकर जांच की जा रही है। 18 साल से कम और 60 साल से अधिक वालों की जांच नहीं होगी। जांच से पहले संबंधित व्यक्ति की लिखित सहमति ली जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार से आठ सितंबर तक चलने वाले सर्वे के लिए जिले में 45 जगहों पर 1440 लोगों के सैंपल लेकर उसे केजीएमयू में भेजा जाएगा। शुक्रवार को पहले दिन कुल 294 लोगों के सैंपल लिए गए। शहरी क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य लल्लापुरा, दुर्गाकुंड, आदमपुर, चौकाघाट के साथ ही ग्रामीण इलाकों में हरहुआ, काशी विद्यापीठ, बड़ागांव, आराजीलाइन, चोलापुर, दानगंज, चिरईगांव, बड़ागांव, पिंडरा में बाबतपुर सहित अन्य जगहों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर लोगों का सैंपल लिया। लोगों के शरीर में हेपेटाइटिस बी और सी की बीमारी की भी जांच की जा रही है। वहीं पहले दिन कई वार्डों में टीम जांच के लिए नहीं पहुंच पाई।