मिर्जापुर जिले की चुनार कोतवाली क्षेत्र के सक्तेशगढ़ स्थित सिद्धनाथ की दरी पर बृहस्पतिवार की शाम वाराणसी से घूमने आए किशोर की सेल्फी लेने के चक्कर में कुंड में गिरकर मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव बाहर निकाला।
वाराणसी के फूलपुर क्षेत्र के घाघरी गांव निवासी रविंद्र कुमार पटेल का पुत्र प्रिंस पटेल (14) बृहस्पतिवार की दोपहर चाचा वीरेंद्र पटेल और आठ-दस दोस्तों के साथ सक्तेशगढ़ आश्रम आया था। दर्शन के बाद सभी सिद्धनाथ दरी पहुंचे। यहां सेल्फी लेने के चक्क र में पत्थरों पर लगी काई के चलते प्रिंस का पैर फिसल गया और वह नीचे जल कुंड में गिर गया।
इसके बाद चीख-पुकार मच गई। फिर सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद नायब तहसीलदार नटवर सिंह, कोतवाल राजीव कुमार मिश्रा और चौकी इंचार्ज सक्तेशगढ़ अजीत श्रीवास्तव पहुंचे। पुलिस और सैलानियों ने लगभग एक घंटे बाद किशोर का शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।