वाराणसी के लहरतारा स्थित स्कूल में छात्रा के संग हुई दरिंदगी के बाद स्कूलों में सिक्योरिटी आडिट कमेटी का गठन किया जाएगा। इस कमेटी में स्कूल प्रबंधक, प्रिंसिपल, शिक्षक, अभिभावक और पुलिस शामिल रहेगी। कमेटी में शामिल अभिभावक और पुलिस कभी भी स्कूलों में सुरक्षा सहित अन्य बिंदुओं की जांच कर सकेगी।
मंगलवार की शाम ट्रैफिक लाइन के सभागार में पुलिस आयुक्त के साथ शहर के स्कूल प्रबंधकों, प्रिंसिपल और अभिभावकों की बैठक हुई। इसमें विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान आए सुझाव को भी अमल में लाने पर मंथन किया गया। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि स्कूल के अंदर सुरक्षित वातावरण, सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड के गाइड लाइन का कितना पालन किया जा रहा है। सुरक्षा के बाबत क्या व्यवस्था है आदि का अवलोकन किया जाएगा।
स्कूलों में लगवाएं सीसी कैमरे, चार दिन बाद होगी जांच
अपर पुलिस आयुक्त अपराध व मुख्यालय सुभाष च्रंद दुबे ने बताया कि सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रिंसिपल को यह निर्देशित किया गया है कि चार दिन के अंदर जहां-जहां सीसी कैमरे नहीं है, वह लगवा लें और खराब कैमरे दुरुस्त करा लें। स्कूल के अंदर गर्ल्स और ब्वायज टायलेट हर फ्लोर पर होने चाहिए।
स्कूल में महिला कर्मी जरूर होना चाहिए। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों को चेताया कि चार दिन बाद पुलिस स्कूलों का निरीक्षण करेगी। जहां कैमरे नहीं मिलेंगे उन पर कार्रवाई तय है।