वाराणसी में प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए संपूर्णानंद विश्विद्यालय का निरीक्षण करते प्रमुख सचिव व डीजीपी।
- फोटो : अमर उजाला
आतंकवादी अलकायदा समर्थित अंसार गजवातुल हिंद संगठन से जुड़े दो आतंकियों के लखनऊ में पकड़े जाने के बाद से प्रदेश भर में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। सिलसिलेवार आतंकी हमले झेल चुके बनारस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 जुलाई के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया है।
रविवार को काशी पहुंचे डीजीपी मुकुल गोयल ने भी प्रधानमंत्री की अभेद सुरक्षा का खाका खींचते हुए किसी भी तरह की सुरक्षा में चूक नहीं होने को लेकर पुलिस अफसरों को चेताया। सिगरा स्थित रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर, संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी, बीएचयू और काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम संभावित है।
प्रधानमंत्री आगमन से पूर्व डीजीपी मुकुल गोयल और प्रमुख सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका खींचा। तय हुआ कि जिस भी रूट से प्रधानमंत्री की फ्लीट गुजरेगी और उस रूट पर 50-50 मीटर के दायरे में पुलिसकर्मियों की तैनाती और बैरिकेडिंग की जाए। कार्यक्रम स्थलों के आसपास मकानों की छतों पर सशस्त्र जवानों को तैनात किया जाए। सुरक्षा एजेंसियां को भी एलर्ट करते हुए सभी क्षेत्रों में नजर रखने को कहा।