बीएचयू में स्नातक व स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का दूसरा चरण बुधवार से शुरू हो रहा है। 9 से 18 सितंबर तक चलने वाली परीक्षा के पहले दिन बीएससी, बीकॉम की परीक्षा होगी। देशभर में 202 शहरों में होने वाली परीक्षा वाराणसी,गोरखपुर समेत चार शहरों में आफलाइन बाकी जगहों पर ऑनलाइन व्यवस्था की गई है।
विश्वविद्यालय में 24 अगस्त से 31 अगस्त तक पहले चरण के बाद अब 9 से 18 सितंबर तक दूसरे चरण की परीक्षा शुरू हो रही है। परीक्षा नियंता की ओर से सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने और सहित अन्य सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मंगलवार को कुल 68329 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
सुबह 8.30 से 11 बजे तक बीकॉम आनर्स में 144 शहरों मे बने 278 केन्द्रों पर 31873 और शाम 4 से 6.30 बजे तक बीएससी आनर्स बॉयो में 151 शहरों में 295 केन्द्रों पर 36556 अभ्यर्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय की ओर से यूपी में वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज,अयोध्या के साथ ही बिहार,पटना,गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में भी ऑफलाइन परीक्षा होगी। वाराणसी में बने 47 ऑफलाइन केंद्रों में बीएचयू कैंपस में 20 और कमच्छा में चार केंद्र हैं। इसके अलावा 17 ऑनलाइन केंद्र भी जिले में बने हैं।
परीक्षा नियंता मनोज पांडेय ने मंगलवार को केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
पहले चरण की आंसर की जारी
बीएचयू में 24 से 31 अगस्त तक हुई पहले चरण की प्रवेश परीक्षा की आंसर की विश्वविद्यालय की ओर से मंगलवार को प्रवेश परीक्षा पोर्टल पर जारी कर दी गई है। संबंधित अभ्यर्थी 11 सितंबर की रात 11 बजे तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र पर आपत्ति के लिए हर प्रश्न के लिए 100 रुपये प्रोसेसिंग फीस भी देना होगा, जो कि डेबिट, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग के माध्यम से दिया जा सकता है। संयुक्त कुलसचिव प्रवेश परीक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में यह कहा गया है कि अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाए जाने पर प्रोसेसिंग शुल्क वापस कर दिया जाएगा। बिना प्रोसेसिंग फीस के किसी भी आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।