उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले वोटरों को लुभाने के लिए राजनीतिक पार्टियां अपना-अपना घोषणा पत्र-संकल्प पत्र जारी कर रही हैं। वहीं, नेता अजीबोगरीब वादे करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। मंगलवार को वाराणसी में बातों-बातों में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने जनता से अजीबोगरीब वादा किया।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राजभर ने अपने बयान में कहा कि ट्रेन की 70 सीटों पर 300 से ज्यादा यात्री सफर करते हैं और ट्रेन का चालान नहीं होता है। वैसे ही 9 सवारी बैठाने वाली जीप भी जब 22 लोगों को लेकर जाती है, उस पर भी चालान नहीं होता। अगर बाइक पर तीन लोग बैठते हैं तो चालान क्यों होता है? आमजन को क्यों परेशान किया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि अगर प्रदेश में उनकी सरकार बनती है तो बाइक पर तीन लोग सवारी कर सकेंगे। इसके लिए उनका चालान नहीं कटेगा। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हो सका तो जीप और ट्रेन का भी चालान काटा जाएगा।