बाबा विश्वनाथ के दर पर श्रद्धालुओं का रेला
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को देर रात तक तीन लाख से अधिक शिवभक्तों ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन और जलाभिषेक किया। रविवार की रात से ही बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए देर रात तक तैयारियां चलती रहीं।
सवेरे गंगा में स्नान के लिए लोग उमड़ पड़े क्योंकि मंगला आरती के बाद से ही आम श्रद्धालुओं के जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। रात को जोरदार बारिश के बावजूद शिव भक्तों की लंबी कतार लग गई। जयकारे गूंजने लगे। कतारबद्ध कांवरिये बाबा के जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ते रहे। ट्रालियों, टेंपो, ट्रैक्टरों पर सजी बाबा विश्वनाथ की मोहक झांकियों को लेकर कांवरियों की टोलियां रात काशी की सड़कों पर चलती नजर आईं।
कंधे पर रंग-बिरंगी कांवड़ लिए समूह बोल कंवरिया बोल बम... के जयकारे लगाते हुए हर तरफ बढ़ते नजर आए। श्रद्धालुओं के लिए एक तो ज्ञानवापी से चौक की तरफ और दूसरी ज्ञानवापी से गदौलिया की तरफ बैरिकेडिंग कराई गई है। बैरिकेडिंग में खड़े श्रद्धालु हर-हर महादेव और हर-हर बम-बम का जयकारा लगाते मंदिर की तरफ बढ़ रहे थे।