दशाश्वमेध से विश्वनाथ मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
इस बार सावन में दशाश्वमेध-गोदौलिया मार्ग पर सप्ताह में केवल दो दिन, रविवार और सोमवार को ही बैरिकेडिंग की जाएगी। साथ ही लक्सा-गोदौलिया मार्ग, जो वर्तमान में रोपवे निर्माण कार्य के कारण बाधित है, वहां एक ओर का रास्ता पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। व्यापारियों के साथ हुई बैठक में पुलिस प्रशासन ने इसका आश्वासन दिया।
गोदौलिया स्थित एक होटल में सोमवार को एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी की अध्यक्षता में पुलिस और व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें आगामी सावन महीने के दौरान आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रीय नागरिकों की सुविधाओं तथा समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया, ताकि सावन का पवित्र महीना बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
बैठक में तय किया गया कि रोपवे निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त कर कम से कम एक ओर का रास्ता आवागमन के लिए सुचारु रूप से खोला जाए और पूरे मार्ग पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था की जाए।
वहीं, सावन में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर चितरंजन पार्क के पास एक फायर ब्रिगेड और एक एंबुलेंस तैनात करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में व्यापार मंडल के संरक्षक श्रीनारायण खेमका, अशोक जायसवाल, अध्यक्ष सुरेश तुलस्यान, महामंत्री दीपक वासवानी समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।