देश-विदेश के सैलानियों के आकर्षण और बौद्ध धर्मावलंबियों की आस्था के केंद्र सारनाथ की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता नहीं है। पेरिस में बर्बर आतंकी हमले के बाद खूंखार आतंकवादी संगठन आईएस को लेकर गृह मंत्रालय द्वारा जारी एलर्ट के मद्देनजर बुधवार दोपहर बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि के निरीक्षण में यह बात सामने आई।
वहीं, विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था परखने पहुंचे एसएसपी की अगुवाई में हुए मॉकड्रिल में भैरव कोठी स्थित पावर गेट नहीं बंद हो सका। एसएसपी ने कहा है कि सारनाथ की सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना नए सिरे से तैयार कर प्रदेश सरकार को भेजी जाएगी। साथ ही, रेड जोन और येलो जोन की सुरक्षा संबंधी कार्ययोजना को और पुख्ता किया जाएगा।
सारनाथ पहुंचते ही एसएसपी सबसे पहले खंडहर परिसर पहुंचे। कहा कि खंडहर परिसर के पश्चिमी छोर पर चार सीसीटीवी कैमरे और पर्यटक पुलिस की संख्या बढ़ाई जाएगी। परिसर में आने वाले महिलाओं और पुरुषोें के लिए दो मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद कप्तान संग्रहालय परिसर गए। वहां बैग स्कैनर मशीन, सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया।
मूलगंध कुटी बिहार सोसायटी प्रबंधन से कैमरे की व्यवस्था कराने और मेटल डिटेक्टर लगाने की बात कही। एसएसपी ने कहा कि सारनाथ परिक्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए यहां पुलिस कर्मियों को सुरक्षा संबंधी अत्याधुनिक उपकरणों के साथ तैनात किया जाएगा।
उधर, विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र में एसएसपी की अगुवाई में माकड्रिल हुई। इस दौरान भैरव कोठी का पावर गेट बंद नहीं हो सका और बाकी इंतजाम ठीक मिले। येलो जोन के गेस्ट हाउसों की कड़ी निगरानी का निर्देश दिया। एसएसपी ने मातहतोें को ताकीद किया कि सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। खुफिया विभाग के अधिकारियों को सूचना संकलन के कार्य में गंभीरता के साथ तत्पर रहने की बात कही। एसएसपी के साथ बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और खुफिया विभाग के अधिकारी रहे।