गोरक्षपीठ के महंत सांसद आदित्यनाथ ने गुरुवार की शाम कहा कि आरएसएस की तुलना सिमी जैसे संगठन से करके कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मानसिक दिवालियापन का परिचय दिया है।
संघ अनुशासित संगठन है, इसके बारे में ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विहिप नेता अशोक सिंहल के निधन से राममंदिर आंदोलन को झटका लगा है।
अब साधु-संतों को एकजुट हो कर सिंघल जी के सपने को साकार करना होगा। उन्होंने दावा किया कि श्रीराम जन्मभूमि पर ही भव्य राममंदिर बनेगा।
मैदागिन स्थित गोरक्षपीठ कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में आदित्यनाथ ने कहा कि हिंदू धर्म -संस्कृति के विस्तार के लिए सिंहल ने जीवनभरकार्य किया।
राम जन्म भूमि मंदिर निर्माण का शिलान्यास भी उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति से कराया था, जिसे अछूत कहा जाता है। सिंघल जी ने ऐसा कर के समाज को सदैव याद रखने वाली सीख दी थी।
उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। कहा कि राहुल गांधी ने संघ की तुलना सिमी जैसे संगठन से करके अपने मानसिक दिवालियेपन को जाहिर किया है।
संघ एक अनुशासित संगठन है और संस्कृति की रक्षा के लिए काम करता है। कांग्रेस उपाध्यक्ष को मानसिक इलाज कराने की जरूरत है।
उन्होंने पाकिस्तान में पीएम नरेंद्र मोदी पर मणिशंकर अय्यर की ओर से की गई टिप्पणी को अनुचित करार दिया। कहा कि आज तक पाकिस्तान में जा कर किसी नेता ने अपने देश के प्रधानमंत्री के विरूद्ध नहीं बोला होगा।
मणिशंकर अय्यर ने गलत किया है और उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए। इसके बाद आदित्यनाथ ने मछोदरी स्थित स्वामी नारायण मंदिर में हो रही रामकथा में कुछ देर हिस्सा लिया। रात्रि प्रवास भी इसी मंदिर में वह करेंगे। शुक्रवार की सुबह वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के उद्धाटन के लिए प्रस्थान करेंगे।