वाराणसी। लोक निर्माण विभाग सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास नया रेल ओवर ब्रिज बनाएगा। इसके लिए प्रोफाइल स्केच तैयार कराया जा रहा है। नए साल में फुलवरिया में वरुणा नदी पर एक पुल, दो आरओबी, चौकाघाट फ्लाईओवर चालू हो जाएंगे। यह निर्णय पीडब्ल्यूडी प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण की अध्यक्षता में बुधवार को सर्किट हाउस में हुई बैठक में लिया गया।
सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों से प्रमुख सचिव ने कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार से समझौता न करें। कार्यस्थल पर चाक चौबंद व्यवस्था करें। फुलवरिया फोरलेन के तहत वरुणा नदी पर पुल व पहुंच मार्ग जुलाई 2020 तक पूरा होगा। इसके अलावा समपार संख्या फोर स्पेशल पर आरओबी 2020 सितंबर में पूरा होगा। समपार संख्या फाइव सी पर आरओबी दिसंबर 2020 में पूरा होगा। डीएम से वार्ता कर फुलवरिया में जल निकासी, पेड़ व बिजली के खंभे की शिफ्टिंग का काम 15 दिन के भीतर कराने को कहा। सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास बनने वाले आरओबी का प्रोफाइल स्केच उत्तर रेलवे से पाने के साथ काम शुरू कराने का निर्देश दिया।
सेतु निगम और पीडब्ल्यूडी को नियमित वर्कप्लान बनाकर काम कराने को कहा। वाराणसी-औड़िहार मार्ग पर पर बन रहे तीन लेन के आरओबी को अप्रैल 2020 तक पूरा कराने को कहा। प्रमुख सचिव ने इमिलिया घाट पर बन रहे पुल व पहुंच मार्ग के भू अध्याप्ति की धनराशि गुरुवार को पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरित करने के लिए सेतु निगम को निर्देश दिया।
चौकाघाट फ्लाईओवर का काम 15 जनवरी तक होगा पूरा
चौकाघाट फ्लाईओवर के बारे में सेतु निगम के प्रबंध निदेशक पीके कटिहार ने बताया कि 15 जनवरी तक काम पूरा हो जाएगा। 15 दिसंबर तक इसके सर्विस रोड को पीडब्ल्यूडी बनाएगा। इसकी धनराशि सेतु निगम देगा। इसकी चौड़ाई, फुटपाथ व रेलिंग कार्य का आंगणन पीडब्ल्यूडी शासन को भेजे।
अब एप से होगी रोड कटिंग की निगरानी
प्रमुख सचिव ने एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, नगर आयुक्त, सीडीओ, वीडीए सचिव, पीडब्ल्यूडी, जलकल, जलनिगम, गंगा प्रदूषण के अधिकारियों से कहा कि किसी भी कार्य के लिए सड़क कटिंग करने से पूर्व पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन से अनुमति दी जाए। इसके लिए जिला स्तर पर एक ऐप विकसित करने को कहा। जिसमें खुदाई से पूर्व, खुदाई के बाद, मिटटी हटाने, कटिंग किए गए भाग में बालू भरने और काम पूरा होने के बाद सड़क बनाने की फोटो अपलोड की जाए।
कटिंग की अनुमति लेने से पूर्व संबंधित विभाग लिखे कि काम कब तक पूरा करेंगे। जलकल, जल निगम, यूपीपीसीएल व गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई द्वारा मार्ग के नीचे डाले गए पाइपलाइन का लाइन डायग्राम अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को उपलब्ध कराया जाए। निगम की सात मीटर से अधिक चौड़ी खराब सड़कें पीडब्ल्यूडी को दी जाए। खराब सड़क को पीडब्ल्यूडी अपने बजट से सही कराएगा। जिस विभाग की सड़क हो वह सड़क किनारे को पक्का करे ताकि धूल न उड़े और प्रदूषण से बचा जा सके। कैंट पड़ाव मार्ग से अतिक्रमण हटाने को कहा। अदलपुरा-चुनार फोरलेन मार्ग पर जल निगम एवं यूपीपीसीएल की लाइन जो मार्ग के नीचे आ रही है। उन्हें विकास प्राधिकरण के अवस्थापना निधि से संबंधित विभाग को भुगतान कर शिफ्ट कराया जाए।