बीमा एजेंट दिव्या सिंह उर्फ अंजली पांडेय
- फोटो : अमर उजाला
हत्या के आरोप में गिरफ्तार महिला बीमा एंजेट दिव्या ने खुद को अविवाहित बताकर महमूद को अपने जाल में फंसाया था। जब भी महमूद से मिलती थी तो यह एहसास नहीं होने देती थी कि वह शादीशुदा है। यहां तक कि वो मांग का सिंदूर तक मिटा लेती थी। इस प्रकरण में एक तरह से भरोसे का कत्ल किया गया। साड़ी कारोबारी महिला बीमा एजेंट पर आंख बंद कर भरोसा करने लगा था।
समय-समय पर पैसे भी देते था। अगवा होने से एक दिन पहले ही महमूद ने उसे तीन सूट खरीद कर दिया था। वारदात को अंजाम देने से पहले दिव्या ने पति अनिरुद्ध और प्रेम के साथ भेलूपुर थाने के सामने एक रेस्टोरेंट में बैठक कर पूरी योजना बनाई थी। पुलिस ने रेस्टोरेंट से सीसी कैमरे का फुटेज भी कब्जे में लिया है।
साड़ी कारोबारी के रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बाग बरियार सिंह मोहल्ले के रहने वाले अनिरुद्ध पांडेय व अंजली के दो बच्चे हैं। दोनों के जेल जाने के बाद परिजनों ने बच्चों के देखभाल करना शुरू कर दिया है। अनिरुद्ध के पिता धर्मनाथ पांडेय पूजा पाठ कराते हैं। वह बेटे के हरकतों से खुश नहीं थे। बुधवार को कारोबारी की हत्या की सूचना मिलते ही पत्नी जमीला बानो अचेत हो गईं। चारों बेटियां और चारों बेटे भी गमगीन हो गए। बेटियां फलक, नाजिया, फरा, सानिया रोते हुए यही कह रही थीं कि मुझे मेरे अब्बू चाहिए।
साड़ी कारोबारी की हत्या में आरोपी अनिरूद्ध पांडेय और प्रवीण चौहान
- फोटो : अमर उजाला
डीसीपी काशी के अनुसार, आरोपियों से भी पूछताछ की गई। बताया कि महमूद आलम की हत्या की योजना नहीं थी। बस पैसे के लिए उठाया गया था। जब बेटे फैजान से कारोबारी ने फोन पर बात की थी, तब फैजान ने कहा था कि अब्बू परेशान न हों, जो लोग उठाए हैं। वे सब चिन्हित कर लिए जाएंगे। किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। इसके बाद आरोपी डर गए और पकड़े जाने के भय से कारोबारी का मोबाइल स्विच ऑफ करा दिया।
धोखे से पिलाई शराब फिर दुपट्टे से कसा गला
इस बीच कारोबारी से डेबिट कार्ड का पिन पूछकर बाबतपुर में एक एटीएम बूथ से 90 हजार रुपये निकाले। जौनपुर, केराकत होते हुए चंदवक गए और गोमती पुल से मोबाइल को नदी में फेंक दिया। इसी तरह गाजीपुर रोड से वापस हरहुआ, मोहनसराय होते हुए चुनार पहुंचे। इससे पहले कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर कारोबारी को जबरन पिलाया गया। जब कारोबारी नशे में हो गया, तब दिव्या के दुपट्टे और अन्य आरोपियों ने डाटा केबल से गला कसकर हत्या कर दी।
हत्या से पहले कछवा और भैंसा घाट चौकी के दो बार चक्कर लगाए गए। इसके बाद चुनार पुल से महमूद के शव को गंगा में फेंक दिया गया। चुनार से आरोपी रामनगर पीएसी गए और महमूद के डेबिट कार्ड से 90 हजार रुपये और निकाले। इसके बाद पड़ाव होते हुए पांडेयपुर वाराणसी आए। प्रेम ने अनिरूद्ध और दिव्या को घर पर उतारा, फिर मऊ निकल गया। मऊ जाते समय महमूद के डेबिट कार्ड से प्रेम ने फिर दस हजार रुपये निकाले और डेबिट कार्ड को तोड़कर फेंक दिया।