सरैयां में उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, मतदान आज
- सुबह सात बजे से शुरू होगी वोटिंग, 16 को आएगा परिणाम
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। नगर निगम के वार्ड संख्या 66 सरैयां में रिक्त सीट पर पार्षद पद के लिए उपचुनाव में आज मतदान होगा। इसके लिए सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय से ईवीएम लेकर नौ पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं।
मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। पंचायत एवं निकाय के सहायक चुनाव अधिकारी राजाराम वर्मा ने कहा कि एक पोलिंग पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी और तीन प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी शामिल हैं जो चुनाव कराएंगे। मंगलवार सुबह 10 बजे से मतदान संबंधी रुझान आने लगेंगे। शाम पांच बजे के बाद फाइनल वोटिंग प्रतिशत आएगा।
वार्ड में कुल 12,054 वोटर हैं। इनमें 6690 पुरुष और 5264 महिलाएं हैं। मैदान में पांच प्रत्याशी हैं। कांग्रेस से नुरुल हसन, भाजपा से सेराजुद्दीन, सपा से शफीकुज्जमा, एआईएमआईएम से अब्दुल जब्बार और राजू खान निर्दल प्रत्याशी हैं। दो मतदान केंद्रों पर कुल नौ बूथ बनाए गए हैं। प्राथमिक विद्यालय सरैया में सात बूथ और इसके सामने इस्लामिया में दो बूथ हैं। मतदान के बाद सभी ईवीएम सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय में जमा होंगी। मतगणना 16 जनवरी की सुबह आठ बजे से होगी। सरैयां पार्षद रेयाजुद्दीन अंसारी का इंतकाल होने के कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
वोट डालने के विकल्प
सहायक चुनाव अधिकारी के अनुसार, वोटर आई कार्ड के अलावा मतदाताओं को वोट डालने के लिए अन्य विकल्प भी दिए गए हैं। इनमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, बैंक व डाकघर से जारी फोटोयुक्त पासबुक, पैनकार्ड, एनपीआर, श्रम मंत्रालय का स्वास्थ्य बीमा कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज और मतदाता पर्ची मान्य हैं।