संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय ने शास्त्री और आचार्य के 40 हजार विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया है। वहीं अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए परीक्षाओं का आयोजन 22 सितंबर से करने की तैयारियां भी चल रही हैं।
परीक्षा नियंत्रक विशेश्वर प्रसाद ने बताया कि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति में हुए निर्णय के अनुसार शास्त्री और आचार्य के लगभग 40 हजार छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत कर दिया गया है। शास्त्री प्रथम के छात्रों को द्वितीय वर्ष में प्रोन्नति दी गई है। द्वितीय खंड की परीक्षा में समस्त विषयों के प्राप्तांक का औसत अंक ही उनके प्रथम खंड का प्राप्तांक होगा। शास्त्री द्वितीय खंड के छात्रों को तृतीय खंड में प्रवेश दिया गया है। प्रथम वर्ष के समस्त विषयों के प्राप्तांकों का औसत अंक ही द्वितीय वर्ष का प्राप्तांक होगा। आचार्य के द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों को स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर में प्रोन्नत किया जाएगा। छात्रों को प्रथम सेमेस्टर के अंकों के औसत अंकों के आधार पर द्वितीय सेमेस्टर में अंक दिए जाएंगे।
मध्यमा के प्रथम कक्षा के विद्यार्थियों को संबंधित महाविद्यालय से प्राप्त उपस्थिति तथा अध्ययन के समय कक्षा में प्रदर्शन के आधार पर परीक्षण कर प्राप्तांक देकर परीक्षाफल घोषित किया जाएगा। पूर्व मध्यमा प्रथम खंड तथा उत्तर मध्यमा प्रथम खंड के परीक्षार्थियों को द्वितीय वर्ष में प्रोन्नत कर दिया गया है। वर्ष 2021 में होने वाली द्वितीय वर्ष की परीक्षा के प्राप्तांक के आधार पर उन्हें प्रथम खंड में अंक प्रदान किए जाएंगे।
आचार्य द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों को उनके प्रथम सेमेस्टर के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ प्रश्नपत्रों के प्राप्तांक के आधार पर द्वितीय सेमेस्टर के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ प्रश्नपत्रों में अंक दिए जाएंगे। पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों को प्रथम सेमेस्टर के पाठ्यक्रम में पत्रों के अनुसार द्वितीय सेमेस्टर के पत्रों के क्रमानुसार प्राप्तांक दिया जाएगा।