संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केंद्र में चलने वाले त्रैमासिक कोर्स में बुधवार से आवेदन शुरू हो गया है। अंतिम तिथि 10 अक्तूबर तय की गई है। वहीं 1000 रुपये इन कोर्स की फीस होगी।
विज्ञापन
आवेदन से लेकर फीस जमा करने और कक्षा करने से लेकर परीक्षा देने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ssvvostc.ac.in/ पर ही होगी। अलग-अलग विषयों में ज्योतिष एवं कुंडली विज्ञान, कर्मकांड, वस्तु विज्ञान, भाषा विज्ञान (संस्कृत संभाषण), योग और पालि समेत 10 विषयों की ऑनलाइन पढ़ाई होगी। कक्षाओं का समय शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक होगा। सभी कक्षाएं लाइव मोड में ही होंगी जो कि ssvvonline पर प्रसारित होंगी।
अब तक 4000 लोगों ने ली उपाधियां
केंद्र के निदेशक प्रो. रमेश प्रसाद ने बताया कि शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 2023-24 में शुरू हुए इस केंद्र से अब तक देश-विदेश से चार हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने उपाधियां ले ली हैं। देश के विशिष्ट आचार्यों के व्याख्यान और कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम गूगल मीट और वीडियो से आवेदकों तक पहुंचाई जाती है। इस केंद्र की ओर से तीन, छह माह के सर्टिफिकेट और एक साल के डिप्लोमा पाठ्यक्रम में दाखिले दिए जाते हैं।