प्रो. राजाराम शुक्ला
वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजाराम शुक्ला को राष्ट्रीय कैडेट कोर ने आनरेरी कर्नल कमांडेंट के अलंकरण से सम्मानित करने की घोषणा की है। रक्षा मंत्रालय की ओर से इसका नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। प्रो. शुक्ला मानद कर्नल की उपाधि पाने वाले विश्वविद्यालय के पांचवें कुलपति होंगे। उपाधि की घोषणा के बाद विश्वविद्यालय के शिक्षक व कर्मचारियों ने कुलपति को बधाई दी है।
विश्वविद्यालय की एनसीसी अधिकारी डॉ. विद्या चंद्रा ने बताया कि राष्ट्रपति भवन से 16 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी कर दिया था। शुक्रवार को विश्वविद्यालय को इसकी प्रतिलिपि भी मिल गई। बताया कि कुलपति को आनरेरी कर्नल कमांडेंट के अलंकरण देने के लिए स्थानीय सैन्य अधिकारी कोई तिथि जल्द तय करेंगे। कुलपति प्रो. शुक्ल से पहले संस्कृत विश्वविद्यालय में चार कुलपतियों को आनरेरी कर्नल कमांडेंट के अलंकरण से सम्मानित किया जा चुका है। पूर्व कुलपतियों में प्रो. वी. बेंकटाचलम, प्रो.राजेंद्र मिश्र, प्रो. अशोक कुमार कालिया व प्रो. यदुनाथ दुबे को आनरेरी कर्नल कमांडेंट का अलंकरण मिल चुका है। ऐसे में प्रो. शुक्ल विश्वविद्यालय के पांचवें कुलपति है जिन्हें आनरेरी कर्नल कमांडेंट का अलंकरण मिलने जा रहा है।