संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं 12 जुलाई से दो पालियों में होंगी। देश भर में 349 केंद्रों के 574 उपकेंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची और समयसारिणी वेबसाइट पर सोमवार शाम को अपलोड कर दी गई है। परीक्षा में 42,987 विद्यार्थी शामिल होंगे।
संस्कृत विश्वविद्यालय में सूबे के बाहर प्रथमा, पूर्व मध्यमा, उत्तर मध्यमा की परीक्षाएं 12 से 23 जुलाई तक होंगी। सूबे के बाहर 38 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर, दिल्ली, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और झारखंड शामिल हैं। वहीं, शास्त्री और आचार्य की परीक्षाएं 25 जुलाई तक चलेंगी। परीक्षा सामग्री का वितरण आठ और नौ जुलाई को केंद्राध्यक्षों को किया जाएगा। वाराणसी में 72, जौनपुर में 39, प्रयागराज में 34, देवरिया में 30, बलिया में 22, आजमगढ़ में 18, गाजीपुर में 16, मऊ में 15, गोरखपुर में 14, चंदौली में 10, कानपुर व भदोही में नौ-नौ, मिर्जापुर में छह, लखनऊ में तीन, सोनभद्र में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने बताया कि सुबह की पाली में सात से 10 और दोपहर में दो से पांच बजे तक परीक्षाएं होंगी।