वाराणसी स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में दो नवंबर को आयोजित 36वें दीक्षांत समारोह में इस बार 24691 छात्रों को उपाधियां वितरित की जाएंगी। इसके अलावा शास्त्री, आचार्य सहित अन्य पाठ्यक्रमों में 35 मेधावियों में कुल 58 पदक बांटे जाएंगे। पिछले साल की तरह इस साल भी परिधान में छात्रों के लिए धोती-कुर्ता, छात्राओं को साड़ी-दुपट्टा और टोपी पहनकर आना होगा।
विश्वविद्यालय में समारोह को लेकर अलग-अलग समितियों के गठन के बाद अब प्रभारी कुलसचिव शमीम अहमद की ओर से पदक, उपाधि पाने वालों की सूची भी जारी कर दी गई। कुलपति प्रो. राजाराम शुक्ल ने बताया कि इस साल दी जाने वाली कुल 24691 उपाधियों में शास्त्री से सर्वाधिक 14991, आचार्य 7933 और शिक्षाशास्त्री 260, पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान स्नातकोत्तर में 50, ग्रंथालय सूचना विज्ञान शास्त्री 33 और विद्यावारिधी में 13 छात्रों को उपाधियां दी जा रही है।
इसके अलावा मध्यमा 101, पूर्व मध्यमा 672, उत्तर मध्यमा 589, पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा 20, संस्कृत प्रमाणपत्रीय में दो छात्र शामिल हैं। बताया कि समारोह में जिन 35 मेधावियों में 58 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे, उसमें 5 छात्राएं भी शामिल हैं।
संबंधित छात्र विश्वविद्यालय शुल्क काउंटर पर 250 रुपये जमा कर दीक्षांत का परिधान प्राप्त कर सकते हैं। कुलपति ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि कविगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय नागपुर की पूर्व कुलपति और यूजीसी की सदस्य प्रो. उमा चंद्रशेखर वैद्य होंगी। अध्यक्षता राज्यपाल राम नाईक करेंगे।