गाजीपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिएमंगलवार को मतदान कराया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच दिन में 11 बजे से शुरू हुए मतदान में जिला पंचायत के 67 सदस्यों ने जोर आजमाइश कर रहे दो उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला किया।
गहमागहमी के बीच तीन बजे मतदान संपन्न हुआ। इसके बाद मतों की गणना कराई गई। घोषित नतीजों के अनुसार समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी आशा यादव ने एकतरफा जीत मिली। वह धर्मदेव को 58-9 के अंतर से पराजित कर इस प्रतिष्ठापरक सीट पर अपना कब्जा जमा लिया।
सपा प्रत्याशी की जीत से कार्यकर्ता एवं समर्थक गदगद थे। कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में चुनाव कराया गया। सपा से निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष डा. विरेंद्र यादव ने विधानसभा चुनाव में जंगीपुर से विधायक निर्वाचित होने के बाद इस पद से त्याग पत्र दे दिया था।
इसलिए इस पद के लिए उपचुनाव कराया गया। इस उपचुनाव में दो प्रत्याशी सपा की ओर से आशा यादव तथा निर्दल धर्मदेव यादव आमने-सामने थे। दिन में 11 बजे कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में मतदान शुरू हुआ।
मतदान स्थल के आसपास सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह दिखाई दिया। निर्धारित अवधि तीन बजे तक दोनों उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला जिला पंचायत के 67 सदस्यों ने मताधिकार का प्रयोग कर किया।
तीन बजे के बाद मतगणना कराई गई। घोषित किए गए नतीजों के अनुसार आसान मुकाबले में सपा प्रत्याशी आशा यादव बाजी मारने में सफल रहीं। उन्हें 58 मत मिले जबकि धर्मदेव यादव को नौ मत मिले।
परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार खत्री ने नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आशा यादव को प्रमाणपत्र प्रदान किया।