सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : amar ujala
भारतीय जनता पार्टी के बाद अब समाजवादी पार्टी का भी आजमगढ़ जिले में नया और हाईटेक कार्यालय बनेगा। इसके लिए शहर के लखनऊ मार्ग स्थित अनवरगंज में लगभग एक एकड़ जमीन चिह्नित कर ली गई है। जल्द ही यहां पर निर्माण शुरू कराने की बात कही जा रही है।
पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने बताया कि सपा का जिला कार्यालय जिला पंचायत की इमारत में है और काफी पुराना है। स्थान कम होने से यहां बड़े कार्यक्रमों के आयोजन में यहां काफी समस्या हो जाती है। पार्टी के बड़े नेताओं के आगमन पर सभी कार्यकर्ताओं के लिए यहां उपर्युक्त स्थान की कमी हो जाती है।
इस लिहाज से पार्टी के नए कार्यालय के लिए भूमि तलाशी जारी थी, जो पूरी हो गई है। अनवरगंज में कार्यालय के लिए लगभग एक एकड़ भूमि सहयोग के रूप में दी गई है। यहां पार्टी का जल्द ही हाईटेक कार्यालय तैयार होगा, जिसमें सभी प्रकार की सुविधाएं मौजूद होंगी।