बभनौटी गांव निवासी सनातन दुबे के पुत्र संजीव दुबे (28) की शादी 10 अक्तूबर 2021 को मिर्जापुर के चील्ह थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी प्रिया दुबे के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक तो सबकुछ ठीक रहा, लेकिन उसके बाद पति-पत्नी में अनबन शुरू हो गई। पिता सनातन दुबे के अनुसार बहू की दूसरी शादी थी। शादी के बाद से ही बहू द्वारा लगातार उनके बेटे को प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप लगाया कि उनकी बहू का चाल-चलन ठीक नहीं है। जिसकी वजह से उनका बेटा शादी के बाद भी खुश नहीं रहता था। बीते तीन माह से वह अपने मायके में ही है।
मंगलवार की देर रात युवक अपने वीडियो बनाते हुए ढेर सारी दवाएं खाई। युवक वीडियो में कई लोगों का नाम ले रहा है और अपनी मौत का उन्हें जिम्मेदार भी ठहरा रहा है। बुधवार की सुबह जब युवक काफी देर से अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिवार के लोगों ने आवाज लगाई। दरवाजा न खुलने पर लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। कमरे में युवक फंदे से लटक रहा था। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर एमबीएस पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद औराई कोतवाली पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आखिरी वीडियो....दवाओं की पूरी पत्ता कर दिया खाली
मृतक संजीव दुबे ने मरने से पहला अपना वीडियो बनाया। जिसमें अपने ससुराल समेत अन्य कई लोगों का नाम ले रहे हैं। वीडियो में वे कह रहे हैं कि मैं जा रहा हूं, लेकिन मुझे न्याय मिलना चाहिए। तमाम लोगों का नाम लेकर अपनी मौत का उन्हें जिम्मेदार ठहराते हुए सजा दिए जाने की बात कह रहे हैं। वीडियो बनाते समय वे एक रैपर से कई दवाइयां निकालते हैं और फिर उसे बोतल के पानी से एक साथ ही खा जाते हैं। दो मिनट 16 सेकेंड के वीडियो में वे कई लोगों पर आरोप लगा रहे हैं। संजीव की मौत के बाद परिजन अपनी सुध-बुध खो बैठे हैं।
युवक की मौत होने के बाद से ही परिजन काफी परेशान हैं। फारेसिंक टीम जांच कर रही है। परिजनों को बुलाया गया है। तहरीर लेने के बाद ही इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वायरल वीडियो में युवक द्वारा कुछ छह लोगों का नाम लिया जा रहा है। वायरल वीडियो की भी जांच हो रही है। -सचिदानंद पांडेय, प्रभारी निरीक्षक, औराई