वाराणसी। हुनर को पहचान दिलाने के लिए अस्सी घाट पर दो दिवसीय प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें बच्चों ने दीपावली के लिए अपने हाथों से तैयार और उपयोगी सामान प्रदर्शित किए। वसंत कन्या महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग की ओर से दो और तीन नवंबर को हुनर सीखें, बनाएं और आत्मनिर्भर बनें कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें पूर्णमयी एजुकेशनल ट्रस्ट, कुरसातो (जंसा) और सुनयना संस्था, जीवाधिपुर (चंदौली) से जुड़े किशोरों और बच्चों ने हिस्सा लिया। उन्होंने हस्तनिर्मित वस्तुओं के जरिए अपनी रचनात्मकता दिखाई।
सुनयना संस्था की समन्वयक प्रो. सुधा पांडेय ने बताया कि बच्चों ने कई तरह के उत्पाद तैयार किए। कार्यक्रम का खास आकर्षण आर्यन इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा छह की छात्रा आराध्या तिवारी रही। उसने क्रोशिया से बनी आकर्षक वस्तुओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन गृह विज्ञान विभाग की पीजी अंतिम वर्ष की छात्राओं रोमी, रोशनी और श्वेता ने किया। यह उद्यमिता प्रबंधन के प्रायोगिक पाठ्यक्रम का हिस्सा था। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. आशा यादव ने इस पहल की सराहना की। प्रबंधिका उमा भट्टाचार्या ने कहा कि ऐसे आयोजन से विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, सामाजिक संवेदनशीलता और व्यावहारिक कौशल विकसित होते हैं। पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. अंशु शुक्ला और विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता देवड़िया ने इसकी रूपरेखा तैयार की। आयोजन में शोधार्थी शालिनी प्रिया और संयोगिता सिंह ने सहयोग किया। संवाद