दो हजार रुपये के नोट चलन से बाहर किए जाने की खबर से लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। बड़े नोट को दबाए बैठे लोग अब इसे बदलने की जुगत में जुट गए हैं। वाराणसी में लोग बड़े नोट से सोना खरीद रहे हैं।
दो हजार रुपये के नोट को चलन से बाहर करने की सूचना के बाद बैंकों में भले ही भीड़ न लगी हो, लेकिन इसे खपाने वाले सक्रिय हो गए हैं। जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार, वाराणसी में सोना लेने के एवज में कुछ कारोबारी दो हजार रुपये का नोट ले रहे हैं। वे निर्धारित दाम से पांच से दस हजार रुपये अधिक दर पर प्रति दस ग्राम सोना बेच रहे हैं।
विज्ञापन
गोदौलिया के एक एजेंट ने बताया कि दो हजार के नोट के चलन से बाहर होने की सूचना जैसे ही मिले, वैसे ही इसे खपाने वाले सक्रिय हो गए। प्रति नोट पांच से दस फीसदी तक कमीशन मांगे जा रहे हैं। नोट के एवज में उन्हें सोना थमा रहे हैं। इसमें कुछ सोना कारोबारियों की मिलीभगत भी है। सोना खरीद में तेजी आई है। सोने और चांदी के बिस्किट की खरीद ज्यादा हो रही है।
इस सिलसिले में कोई कारोबारी बोलने को तैयार नहीं है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने दो हजार रुपये के नोट को प्रचलन से बाहर कर दिया है। इसका असर बैंकों में दिख रहा है। 23 मई से दो हजार रुपये के नोट बैंक के अपने-अपने खाते में जमा कराए जा सकते हैं।
इसमें से किसी तरह का रोकटोक नहीं है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि अभी सितंबर तक का समय है। नियमों की जानकारी के बाद ही लोग सामने आएंगे। इसमें एक सप्ताह का समय लग सकता है।