वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर सफर के दौरान बीएचयू में मेडिकल के एक छात्र का रुपये से भरा पर्स गुम हो गया। आरपीएफ के कांस्टेबल सुमित सिंह ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए परिसर में गिरे पर्स के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए बृहस्पतिवार को मेडिकल छात्र को बुलाकर लौटा दिया। आरपीएफ के कांस्टेबल की ईमानदारी से बीएचयू का छात्र काफी प्रभावित हुआ और खोया पर्स पाकर उसके चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
बीएचयू आईएमएस के एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र शौनक मजूमदार के अनुसार वह परीक्षा देकर घर लौट रहा था। इसी बीच कैंट स्टेशन परिसर में उसका पर्स कही गिर गया। यह समझ लिया था कि अब पर्स नहीं मिलेगा। हालांकि ईमानदारी अभी बची हुई है।
घर पर था तभी कैंट आरपीएफ़ इंस्पेक्टर का फोन आया और बोले कि थाने में आपका पर्स सुरक्षित है, आकर ले जाइए। आरपीएफ इंस्पेक्टर अनूप कुमार सिन्हा ने बताया कि कांस्टेबल सुमित सिंह को पर्स गिरा हुआ मिला था, जिसे उन्होंने थाने में जमा कराया था। पर्स में मिले छात्र के आईकार्ड के सहारे उनसे संपर्क साधा गया। पर्स में 1850 रुपये थे।