बनारस में रॉकेट लांचर का खोखा बरामद होने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इसके साथ ही एलआईयू और आईबी के जवान भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस का दावा है कि बरामद आयुध सामग्री निष्प्रोज्य है।
चौबेपुर थाना अंतर्गत बनकट गांव निवासी बबलू 39 जीटीसी में तैनात हैं और इन दिनों छुट्टी पर हैं। बुधवार की शाम बबलू कहीं जा रहे थे इसी दौरान उन्होंने बर्थरा कलां पुल के समीप झाड़ी में रॉकेट लांचर का खोखा दिखाई दिया।
उन्होंने तत्काल 39 जीटीसी को सूचना दी तो मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही पुलिस और खुफिया इकाइयों के जवान भी मौके पर पहुंचे।
इस संबंध में एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि बम निरोधक दस्ते की रिपोर्ट के अनुसार बरामद सामग्री रॉकेट लांचर का खोखा है। आशंका है कि यह किसी फायरिंग रेंज से किसी कबाड़ी के हाथ लग गया होगा और उसे जब प्रतीत हुआ होगा कि कार्रवाई की जद में आ जाएगा तो उसने फेंक दिया होगा।
हालांकि बनारस और आसपास के जिलों में मोर्टार और रॉकेट लांचर जैसे एरिया वेपन का फायरिंग रेंज न होने के कारण खोखा कैसे बर्थरा कलां पुल के समीप पहुंच गया, यह पुलिस, मिलिट्री इंटेलिजेंस और खुफिया इकाइयों के लिए यक्ष प्रश्न बना हुआ है। ऐसे में यह खोखा कहां से आया इसकी जांच कराई जा रही है। बरामद आयुध सामग्री को पुलिस की बैलेस्टिक लैब भेज कर जांच कराई जाएगी।