बदलापुर/ घनश्यामपुर। बदलापुर में ट्रेनों के ठहराव सहित पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को वाराणसी-लखनऊ रेल प्रखंड स्थित श्रीकृष्णनगर स्टेशन पर प्रदर्शन किया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य जया दूबे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता स्टेशन पर प्रदर्शन करने पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक एसडीएम को सौंपा। प्रदर्शन के बाद हुई सभा में इंद्रमणि दुबे ने कहा कि विधान सभा चुनाव के दौरान रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने बदलापुर में जनसभा में वादा किया था कि आप एक विधायक दीजिए और बदलापुर में दो एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव लीजिए। जनता ने अपना वादा पूरा किया लेकिन रेलमंत्री का वादा साल भर बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका। स्टेशन पर पेयजल व यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है। यदि एक माह के भीतर ट्रेनों के ठहराव, पेयजल और बैठने की व्यवस्था नहीं की जाती तो आंदोलन तेज किया जाएगा। जालिम सिंह ने कहा कि मांगे पूरी न होने पर कार्यकर्ता सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन में सद्भावना व मरुधर एक्सप्रेस के ठहराव, पेयजल, यात्री सुविधाएं बढ़ाए जाने, बदलापुर-इलाहाबाद मार्ग स्थित रेलवे क्रासिंग पर आरओबी बनवाने की मांग की गई है। मुंशी रजा, महात्मा शुक्ल, शान्ति भूषण मिश्र ,पंकज शर्मा , हीरालाल शर्मा , विवेक यादव, मनोज त्रिगुनाइत, सुरेंद्र सोनी, महेश उपाध्याय ,शिव प्रसाद पांडेय , राहुल सोनी , भवनेश मिश्र आदि उपस्थित रहे। संचालन डा. रमेश बिंद ने किया।