उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ शहर में मंगलवार को ऑटो रिक्शा बुक कराकर चले बदमाशों ने चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर जमीन में आधा गाड़कर भाग गए।
बुधवार की शाम गंभीरपुर बाजार के समीप रानी की सराय की 100 डायल की पुलिस ने मिट्टी हटवाकर उसे पीएचसी में भर्ती करवाया। बाद में हालत गंभीर देखकर उसे जिला अस्पताल में रेफर किया गया। चालक के जेब से मिले कागजात के आधार पर घर वालों को सूचना दी गई।
कंधरापुर थाने के हरिहरपुर गांव निवासी मुसाफिर (35) पुत्र काशी तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है। वह ऑटो रिक्शा चलाता है। मंगलवार को वह घर से निकला था। इसी दौरान उसका ऑटो रिक्शा बदमाशों ने बुक कराया। गंभीरपुर बाजार के समीप चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर बदमाशों ने उसका ऑटो लूट लिया और उसे जमीन में आधा गाड़ दिया।
बुधवार को रानी की सराय की 100 डायल की पुलिस ने मिट्टी हटवाकर उसे मुहम्मदपुर पीएचसी में भर्ती कराया। उसके जेब से मिले कागजातों के आधार पर गंभीरपुर पुलिस और घरवालों को उसके बारे में बताया। एसपी सिटी कमलेश बहादुर ने बताया कि जांच पड़ताल जारी है।