वाराणसी में सोमवार को पांच रोडवेज कर्मी, रिटायर्ड बैंक कर्मचारी, आईआईटी बीएचयू समेत कुल 25 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जबकि 16 लोगों को हास्पिटल से डिस्चार्ज भी किया गया है। इसके साथ ही अब कुल कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 652 हो गई है। बीएचयू से सोमवार को कुल 253 सैंपल की रिपोर्ट मिली।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि इसमें भेलूपुर के शिवाला से साड़ी का कारोबार करने वाले दो, रोडवेज के कैंट डिपो में तैनात पांच रोडवेज कर्मी, मंडुआडीह के आदर्श नगर कालोनी में रहने वाले रिटायर्ड बैंक कर्मचारी, एक महिला और प्लास्टिक का कारोबार करने वाले चौक के ठठेरी बाजार में दो लोगों के साथ ही प्लाइवुड ग्लास की दुकान पर काम करने वाले सिगरा के मरीज और बादशाहबाग सिगरा में स्वर्ण ज्वेलरी शॉप पर काम करने वाले युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा चेतगंज के सराय गोवर्धन निवासी मरीज भी संक्रमित हुआ है। आईआईटी बीएचयू में कार्यरत कर्मवीर कालोनी सुसुवाही निवासी जूनियर असिस्टेंट, रोहनिया के अखरी निवासी टीचर, लंका के भगवती नगर निवासी कपड़ा व्यवसायी और रामनगर में गुरुद्वारा गली में रहने वाले मोबाइल विक्रेता, मंडुआडीह के बंसाली भवन के पास रहने वाले कपड़ा और आभूषण के व्यवसायी के साथ ही भेलूपुर में तीन, मिर्जामुराद में एक और लंका और जैतपुरा में एक-एक लोगों की कोरोना की पुष्टि हुई है।
आयुर्वेद कॉलेज में भर्ती 11, दीनदयाल में चार और ईएसआई में भर्ती एक मरीज की लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। सीएमओ ने बताया कि कुल 652 मरीजों में 23 की मौत, 364 डिस्चार्ज के बाद अब कुल 265 मरीजों का आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। खास बात यह है कि सोमवार को जो 25 मरीज मिले हैं, उसमें कुल 21 ऐसे मरीज हैं, जिनका पहले से पॉजिटिव किसी मरीज से कोई संपर्क नहीं है। कांट्रेक्ट ट्रेसिंग के केवल चार ही मरीज हैं।
ग्रीन से रेड जोन में आए चार हॉट स्पॉट
सोमवार को नए मरीजों के मिलने के बाद 11 हॉट स्पॉट बनाए गए। इसमें चार ग्रीन जोन से रेड जोन में आ गए। इसमें सारनाथ का बुद्धा सिटी, बादशाह बाग सिगरा, शिवाला भेलूपुर और छोटी पियरी चेतगंज है। सीएमओ ने बताया कि कुल हॉट स्पॉट 311 में अब 150 रेड जोन, 30 ऑरेंज जोन और 131 ग्रीन जोन में हैं।
आईएमएस बीएचयू से 1045 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में विभिन्न जगहों से कुल 289 लोगों के सैंपल लेकर उसे जांच के लिए बीएचयू भेजा गया। इसके साथ ही अब तक 13688 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिसमें 12643 की रिपोर्ट मिल चुकी है, जबकि 1045 रिपोर्ट का इंतजार है।