होलिका के कारण खराब हुईं सड़कें
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी जिले में 250 स्थानों पर होलिकाएं तिराहे और चौराहों पर लगाई गई थीं, जिसके चलते होलिका के नीचे की सड़क खराब हो गई है। अब इन सड़कों को नए सिरे से बनाने की कवायद पीडब्ल्यूडी और नगर निगम ने शुरू कर दी है। क्षेत्रीय अवर अभियंताओं से एक सप्ताह के अंदर सर्वे करके रिपोर्ट मांगी गई, ताकि सड़क बनाने का काम शुरू किया जा सके। जेई से आने वाले खर्च का भी ब्यौरा मांगा गया है।
शहर के अधिकांश तिराहे और चौराहों की सड़क की हालत खराब हो गई है। कहीं गिट्टियां उखड़ गई हैं तो कहीं तारकोल जल गया है। पिच या तारकोल सड़क पर होलिका जलने के कारण सड़कें खराब हो जाती हैं। वहां गिट्टी उखड़कर बिखर जाती है, जिससे हादसे होने की संभावना बढ़ जाती है।
कुछ स्थानों पर तो गड्ढे हो जाते हैं, जिससे हादसे होने लगते हैं। पिछले वर्षों में होलिका स्थल पर सड़कें खराब होने के चलते कई हादसे हो गए थे। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने होलिका स्थल पर खराब हुई सड़कों को बनाने का निर्णय लिया है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि होलिका जलने से खराब हुई सड़क को दुरुस्त करने के लिए अवर अभियंताओं से अपने-अपने क्षेत्र में खराब हुई पिच सड़क के बारे में ब्यौरा मांगा गया है। साथ ही उनके आने वाले खर्च के बारे में भी आंकलन करने को कहा गया है, ताकि मुख्यालय से अलग से बजट मांगा जा सके।