उधर, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में नेशनल हाईवे पर पिकअप का टायर बदल रहे फरीदाबाद निवासी चालक रामप्रसाद (40) को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में रामप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। रामप्रसाद के समीप ही खड़ा उसकी पत्नी का भाई संजीव कुमार बाल-बाल बच गया। संजीव ने बताया फरीदाबाद से पिकअप पर मशीन के पार्ट्स लादकर हम लोग झारखंड जा रहे थे। खजूरी गांव में नेशनल हाईवे पर पहुंचते ही टायर फट गया। इस पर रामप्रसाद पिकअप का टायर बदल रहे थे।
उसी दौरान प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप पर टक्कर मार कर रामप्रसाद को कुचल दिया। हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ देरी के लिए आवागमन बाधित रहा। हरपुर गांव के सामने रिंग रोड फेज-2 पर गुरुवार को तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की टक्कर से घायल मोपेड सवार बुजुर्ग की उपचार के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। सूचना पाकर जंसा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
चमरहा नई बाजार में गुरुवार सुबह स्कूली छात्रों से भरी मैजिक में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर से मैजिक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कुछ बच्चों को भी मामूली चोट लगी। मैजिक चोलापुर क्षेत्र के उदयपुर स्थित एक स्कूल की थी। हादसे के समय मैजिक में बच्चों को लेकर चालक स्कूल जा रहा था।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छोटी खजूरी गांव निवासी किसान नरेंद्र (72) मंगलपुर से दवा लेकर हरसोस की तरफ से अपने घर जा रहे थे। वह हरपुर गांव के सामने पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी मोपेड में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद चार पहिया वाहन छोड़ कर आरोपी चालक भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर बुजुर्ग को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई। तीन बेटों के पिता नरेंद्र की मौत के बाद उनकी पत्नी रेनू देवी की हालत बेसुधों जैसी थी।
नवापुरा की शशी किन्नर ने शिवपुर थाने में दारानगर निवासी किशन यादव और अर्पित भट्ट उर्फ देवेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शशी किन्नर के अनुसार बीते चार मई की रात उसके पति आदिल अहमद उर्फ लालू को जबरन अपने साथ किशन और देवेश खजुरी में एक बारात में ले गए थे। अर्पित यादव उर्फ देवेश नशे की हालत में चारपहिया वाहन चला रहा था। इस वजह से शिवपुर क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में उसके पति सहित दो लोगों की मौत हो गई।