मात्र 11 साल की उम्र में ही जायसवाल मुंबई चले गए थे। वहां उन्होंने मुफलिसी में दिन गुजारे लेकिन अपने इरादे से डगमग नहीं हुए। अपनी हस्तनिर्मित खूबसूरत कालीन के लिए दुनियाभर में मशहूर भदोही की लोकप्रियता में उसके अपनी मेहनत और शानदार क्रिकेट से यशस्वी जायसवाल लगातार इजाफा कर रहे हैं।
केकेआर पहले बल्लेबाजी करते हुए 149 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान को यशस्वी जायसवाल ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। पारी की शुरुआती दो गेंदों पर ही दो छक्के लगाए। पहले ओवर से ही कुल 26 रन बटोरे। दूसरे और तीसरे ओवर में भी उन्होंने बड़े-बड़े शॉट्स लगाए और 13 ही गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक है।
उनसे पहले यह रिकॉर्ड केएल राहुल और पैट कमिंस के नाम था। राहुल ने 2018 और कमिंस ने 2022 में 14 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया था। अपनी इस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के साथ यशस्वी जायसवाल आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस के ऑरेंज कप के करीब आ गए हैं। जायसवाल इस सीजन में 500 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। डुप्लेसिस ने 578 रन बनाएं हैं। यशस्वी जायसवाल के इस सीजन में 12 पारी में 576 रन हो गए हैं। इस तरह वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड भारतीय बन गए हैं. उन्होंने ईशान किशन (516 रन) का रिकॉर्ड तोड़ा है.