बलिया की सीमा पर स्थित कोटवा नारायनपुर गांव निवासी रिटायर्ड सैनिक कृतार्थ राय (66) अदिलाबाद के सुरहिया मौजे में मकान बनाकर पुत्र राहुल राय के साथ रहते थे। रविवार शाम राहुल अपने एक मित्र के साथ मोहनपुरा में तिलकोत्सव में गया था। इस बीच कृतार्थ घर में अकेले ही थे। देर रात बेटा कार्यक्रम से लौटा तो पिता खून से लथपथ बिस्तर पर पड़े थे।
उसने पुलिस और आसपास के लोगों को सूचना दी। पिता को मुहम्मदाबाद सीएचसी ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूर्व सैनिक की कनपटी के पास किसी धारदार हथियार से प्रहार किया गया था। देर रात घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमप्रकाश सिंह मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जल्द वारदात के पर्दाफाश करने का निर्देश दिया है।
मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विनय राय के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुत्र व परिवार के सदस्यों के मोबाइल कब्जे में लिए गए हैं। काल डिटेल खंगालने के लिए सीडीआर मंगाई है। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। - विनय गौतम , सीओ मुहम्मदाबाद
पूर्व सैनिक की हत्या के मामले की जांच की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। दोनों टीमें सीओ विनय गौतम के नेतृत्व में कार्रवाई करेंगी। फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिवार व पुत्र के मोबाइल को काल डिटेल के लिए कब्जे में लिया है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। - डॉ. ओमप्रकाश सिंह , पुलिस अधीक्षक