ज्ञानपुर। जनपद में मानसून पिछले कुछ दिनों से मेहरबान है। मंगलवार को दोपहर बाद कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इससे उमस से राहत मिली। बारिश के कारण दिन-रात का तापमान एक-एक डिग्री कम हो गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सावन शुरू होते ही झमाझम बारिश शुरू हो गई है। बादलों की आवाजाही के बीच हर रोज बरसात हो रही है। सोमवार को दिन में धूप होने के कारण लोग उमस से परेशान रहे। मंगलवार को भी सुबह से दोपहर तक बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर ढाई बजे से फिर बारिश शुरू हुई। ज्ञानपुर क्षेत्र में जहां तेज बारिश हुई। वहीं, मोढ़, सुरियावां क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के विशेषज्ञ डॉ. विश्वेंदु द्विवेदी ने कहा कि यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद है। आगामी तीन से चार दिनों तक मध्यम बारिश का अनुमान है। बारिश होने से तापमान में अभी और कमी आएगी।
बारिश के कारण कीचड़ से सनी सड़कें
बारिश के कारण शहर से गांव तक की सड़कें कीचड़ से सन गई हैं। जनपद की कई जर्जर सड़कों पर जलभराव हो गया है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।