पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। जिले के कांग्रेस नेताओं ने इनका स्वागत किया। इसके बाद पंजाब के सीएम करीब चार बजे एयरपोर्ट से सीधे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। बाबा का दर्शन-पूजन करने के बाद संत रविदास की जन्मस्थली सीरगोवर्द्धन पहुंचे।
रविदास मंदिर में संत निरंजन दास ने उनका स्वागत किया। चन्नी ने संत रविदास की प्रतिमा के सामने बैठकर कुछ देर तक अरदास करने के बाद अमृतवाणी पाठ के सामने शीश झुकाकर आशीर्वाद मांगा। मेला क्षेत्र में घूमकर लंगर, पंडाल और रसोइयां देखी। संत निरंजन दास ने ट्रस्ट के लोगों के साथ चन्नी को सरोपा देकर सम्मानित किया और आशीर्वाद देकर विदा किया। इसके बाद उनका काफिला वाराणसी एयरपोर्ट के लिए निकला। 7:10 बजे अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर गए।
संत रविदास की जयंती पर देशभर के आस्थावान सीरगोवर्धन पहुंचे हैं और यहां से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था भी जुड़ी है। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा, कांग्रेस सहित सभी दल संत चरणों की रज लेकर पूर्वांचल के साथ पंजाब के दलित व महिला वोटरों को साधने की पूरी कोशिश करेंगे।
यूपी, उत्तराखंड, पंजाब समेत अन्य जगहों पर चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में नेताओं के इस दौरे को चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। यहां सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं का जमावड़ा लगेगा। यूपी के लगभग सभी बड़ी पार्टियों के नेता संत रविदास के दर पर मत्था टेकने के बहाने अपने वोटरों को भी साधेंगे। सबसे अधिक संख्या पंजाब से आने वालों की है। सीरगोवर्धन में उमड़े आस्था के सैलाब के बीच मतदाताओं को रिझाने भी प्रयास करेंगे।