केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि तीन तलाक की व्यवस्था भारत के संविधान के अनुरूप नहीं है। कई मुस्लिम देशों में भी इसे स्वीकृति नहीं है। मुस्लिम महिलाओं के समान अधिकार के लिए संवैधानिक दायरे में जो भी उचित कदम होगा, उठाया जाएगा।
एक सवाल पर कहा कि भाजपा गंगा और राम मंदिर दोनों मसलों पर गंभीर है।
शनिवार को वाराणसी के घौसाबाद नदेसर स्थित भाजपा के मीडिया सेंटर में कानून मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर है।
उन्होंने अखिलेश सरकार से पूछा कि पांच साल में कोई बड़ी कंपनी यहां निवेश के लिए क्यों नहीं आई।
राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आचार्य नरेंद्रदेव, संपूर्णानंद, चरण सिंह, वीपी सिंह, चंद्रशेखर और नरसिम्हा राव जैसे नेताओं का साथ नहीं दिया तो अखिलेश का क्या साथ देगी।
रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि नोएडा में 16 हजार करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट होता है लेकिन लखनऊ, इलाहाबाद, बनारस और गोरखपुर में यह बेहद कम है। पूछने पर उद्यमी कहते हैं कि नोएडा के आगे खौफ बहुत है। कानून व्यवस्था इतनी खस्ताहाल है कि आम आदमी भी खौफ में है।