वाराणसी। मध्यप्रदेश से आने वाली अरहर की दाल का भाव लगातार बढ़ रहा है। सप्ताह भर में 8 रुपये प्रति किलो भाव में उछाल आ गया। पिछले सप्ताह 90 रुपये किलो मिलने वाली दाल 98 रुपये प्रति किलो बाजार में बिक रहा है। थोक में लगभग 1000 रुपये प्रति क्विंटल दाल का भाव बढ़ गया है। विशेश्वरगंज के दाल आढ़ती और काशी खाद्य व्यापार मंडल के महामंत्री सत्येंद्र अग्रवाल ने बताया की इस बार फसल कमजोर होने से दाल का भाव ऊपर भाग रहा है। बृहस्पतिवार को 9400-9500 रुपये प्रति क्विंटल दाल का भाव रहा। जबकि मंगलवार को 9000 रुपये प्रति क्विंटल भाव था और उससे पहले 8500 से 8800 तक भाव था।
इस बार अरहर की फसल कमजोर होने से आने वाले दिनों में दाल की कीमतें थोक में 100 रुपये तक पहुंच जाएगी। इसके साथ ही रिफाइंड और सरसों तेल के भाव में भी बढ़ोतरी शुरू हो गई हैं। सरसों तेल सप्ताह भर पहले 135 रुपये लीटर था तो अब 140 रुपये तक पहुंच गया और रिफाइंड भी प्रति लीटर 2 से 3 रुपये बढ़ गया, जो रिफाइंड 128 रुपये लीटर था वो अब 130-131 रुपये का हो गया। किशमिश की कीमतें भी बढ़ गई हैं। 230-240 रुपये किलो बिकने वाला किशमिश अब 260 से 270 रुपये किलो बिक रहा है।