वाराणसी। रसोई गैस की कीमतें 25 रुपये तक बढ़ गई। वहीं पांच किग्रा के छोटे सिलिंडर के दाम में भी नौ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यह दरें बृहस्पतिवार से लागू हो गईं। जबकि 19 किग्रा कामर्शियल गैस सिलिंडर का दाम 190 रुपये एक फरवरी को ही एलपीजी कंपनियों ने बढ़ा दिया था। गैस मूल्यों में बढ़ोतरी से गृहिणियों और व्यापारी वर्ग की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। गृहिणियों के अनुसार गैस की कीमतें बढ़ने से इसका असर किचन के बजट पर पड़ेगा।
वाराणसी एलपीजी वितरक संघ के प्रवक्ता मनीष चौबे ने बताया कि 14 किग्रा घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत पहले 757.50 रुपये थी। अब ग्राहकों को यह सिलिंडर 782.50 पैसे में मिलेगा। वहीं पांच किग्रा के छोटे सिलिंडर की कीमत पहले 279 रुपये 50 पैसा थी, अब यह 288 रुपये 50 पैसा में मिलेगा। वहीं एक फरवरी को 19 किग्रा व्यावसायिक गैस सिलिंडर की कीमत 190 रुपये बढ़कर 1667.50 रुपये हो गई है। इसके पूर्व यह गैस सिलिंडर 1477.50 रुपये में व्यापारियों को मिलता था।
रसोई गैस सिलिंडर में चाहकर भी कटौती नहीं की जा सकती है, लेकिन बार-बार कीमत में बढ़ोतरी से सरकार मध्यवर्गीय परिवार की कमर तोड़ने में जुटी है। - नवनीता ठाकुर, रवींद्रपुरी
सरकार दाल-रोटी महंगी कर अब आम लोगों के घरों का चूल्हा भी बंद करना चाहती है। पहले ही कोरोना के दौर में काम धंधे पर महंगाई की मार पड़ी है। - अर्चना सिंह, लंका
हाल ही में रसोई गैस की कीमत बढ़ाकर सरकार ने महंगाई का बोझ जनता पर डाला था। सरकार आम आदमी के सामने दो वक्त की दाल-रोटी का भी संकट पैदा कर रही है। - सुमन सिंह, सारनाथ
रसोई गैस घर की सबसे बड़ी जरूरत है, लेकिन सरकार बढ़ती कीमतों पर काबू पाने में विफल है। लगातार कीमतें बढ़ाने से घर का बजट गड़बड़ा रहा है। - रेखा, औसानगंज