Ramnagar Ramlila 2024 : रामनगर में होने वाली प्रसिद्ध रामलीला के लिए वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर और भदोही से रामलीला के पात्र चयनित किए गए हैं। अब स्वर परीक्षण के बाद पांच पात्रों पर अंतिम मुहर लगेगी।
विश्वप्रसिद्ध रामनगर की रामलीला के पात्रों की चयन प्रक्रिया अब पूर्ण हो चुकी है। वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर और भदोही में तलाश के बाद पात्रों के लिए बालकों को चिह्नित कर लिया गया है। रथयात्रा मेले के दूसरे दिन स्वर परीक्षण के बाद पांच पात्रों पर अंतिम मुहर लग जाएगी।
विज्ञापन
शिव की नगरी में उनके आराध्य भगवान राम की लीला की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। रामनगर की रामलीला के लिए पात्रों के चयन की प्रक्रिया भी अब अंतिम दौर में है। खास बात यह है कि इस विश्व प्रसिद्ध रामलीला में प्रभु श्रीराम का किरदार निभाने वाले पात्र गांव की सोंधी मिट्टी से ही आते हैं।
बीते दो साल के पात्रों को देखें तो 2022 में रामलीला में पात्रों की भूमिका निभाने वाले पंचस्वरूपों में धानापुर चंदौली के गौरव उपाध्याय श्रीराम, चंदौली के ही दिव्यांशु चौबे को सीता की भूमिका के लिए चयनित किया गया था। मिर्जापुर के देवरिया गांव के रुद्र तिवारी ने भरत की भूमिका तो लक्ष्मण की भूमिका चंदौली के आदित्य पाठक को मिली थी।
विज्ञापन
वहीं शत्रुघ्न की भूमिका में पीडीडीयू नगर के सूरज पाठक थे। 2023 में नियामताबाद के दीपक पांडेय श्रीराम बने थे तो मारुखपुर सैदपुर के अथर्व पांडेय सीता की भूमिका में थे। प्रह्लादघाट के देवराज त्रिपाठी ने भरत और नियामताबाद के ही अंश तिवारी ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई थी। वहीं, पीडीडीयू नगर के सूरज पाठक दूसरी बार शत्रुघ्न की भूमिका में थे।