फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर आंख में आंसू, ढांढस बधाने वालों का तांता

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। रामनगर कस्बे के सिपहिया घाट में गंगा में डूबे पांचों बच्चों की मौत के बाद वारीगढ़ही और वाजिदपुर सीवान मोहल्ले में मातम छाया हुआ है। पांचों बच्चों के परिजनों के साथ ही मोहल्ले और आसपास के इलाके के लोगों की आंखों से भी आंसुओं की धार रुकने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच शोक में डूबे परिजनों को ढांढस बधाने के लिए शनिवार की सुबह उनके रिश्तेदारों, करीबियों, राजनेताओं और सामाजिक संगठनों के लोगों का तांता लगा रहा।
विज्ञापन

रामनगर थाना के वारीगढ़ही मोहल्ले के तौसीफ, फरदीन, मोहम्मद सैफ, रिजवान और वाजिदपुर सीवान का मोहम्मद रेहान खान उर्फ लकी अपने दो अन्य दोस्तों के साथ शुक्रवार को सिपहिया घाट पर गए थे। पहले रेत में और फिर गंगा में टिक टॉक वीडियो बनाने के दौरान लकी का पैर फिसला और वह पानी में गिरा तो उसे बचाने के लिए दौड़े एक-एक कर पांचों डूब गए। शुक्रवार की देर शाम वाजिदपुर स्थित कब्रिस्तान में पांचों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया तो इसके बाद परिजनों ने रात सिसक-सिसक कर आंखों में ही गुजार दी। परिजनों का कहना था कि इसी के साथ हमारी उम्मीदें भी दफन हो गईं। न जाने कैसी मनहूस घड़ी थी कि बच्चे पानी में उतरे। अब तो जिंदगी इस नासूर जख्म के साथ ही गुजारनी है। उधर, रिश्तेदार, करीबी और राजनेता आदि ढांढस बंधा रहे थे कि हम सभी आपके साथ हैं। संयम से काम लें। लकी के बाबा मोहम्मद रेयान खान ने कहा कि अब क्या समझना और समझाना। जब कभी ऊपर वाले मालिक से मुलाकात होगी तो पूछेंगे कि ऐसा दर्द क्यों दिया? पांचों बच्चों के परिजनों का दुख देखकर उन्हें ढांढस बधाने वालों की हिम्मत भी जवाब दे जा रही थी।
'हम समझ सकते हैं आपका दुख, करेंगे हरसंभव मदद'
रामनगर। शोक में डूबे पांचों बच्चों के परिजनों को ढांढस बधाने के लिए एमएलसी लक्ष्मण आचार्य और विधायक सौरभ श्रीवास्तव पहुंचे तो कोई कुछ बोल ही नहीं पाया। एमएलसी और विधायक ने कहा कि हम आपका दुख समझ सकते हैं। पूरे घटनाक्रम से मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया गया है। परिजनों को राहत पहुंचाने का हरसंभव काम हम सब मिलकर करेंगे। इस दौरान आशा गुप्ता, संतोष द्विवेदी, अजय प्रताप सिंह, नंद लाल चौहान, प्रशांत सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, सपा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने भी गमगीन परिवारों को ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि पार्टी हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि बच्चों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए। वहीं, नगर पालिकाध्यक्ष रेखा शर्मा ने भी सभी से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। कस्बे की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और अन्य संगठनों ने भी शोकसभा का आयोजन कर बच्चों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कुलदीप सिंह, अमूल्य चंद्र सिन्हा, राजेन्द्र गुप्ता, विपिन सिंह, धनंजय साहनी आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें