रमजान के अंतिम दौर में जमकर हुई खरीदारी
रमजान के बाद ईद की खुशी का अंदाजा एक दिन पहले मंगलवार को बाजार देखकर ही लग गया। चांद की तस्दीक भले न हुई हो लेकिन दिन भर बाजारों में ऐसी भीड़ उमड़ी जैसे कि सभी आज ही अपनी खरीदारी पूरी करके लौटेंगे। सुबह से देर शाम तब बाजारों में रौनक छाई रही। शाम को चांद न होने के बावजूद देर रात तक खरीदारी का दौर चला। देर रात तक दालमंडी और नई सड़क की दूकानें खरीदारों से पटीं रहीं। वहीं दशाश्वमेध, लक्सा और गुरुबाग क्षेत्र की दूकानों पर भी खूब भीड़ देखने को मिली।
दालमंडी, नई सड़क से लेकर दशाश्वमेध क्षेत्रों की बड़ी से छोटी दूकानों पर ग्राहकों का जबरदस्त हुजूम था। महिलाओं की भीड़ बाजारों में मैचिंग ज्वेलरी और चूड़ियां खरीदती नजर आई। इसके अलावा लोगों ने कुर्ता-पायजामा, रंग बिरंगी टोपियां और जींस-टीशर्ट, जूते वगैरह खरीदे। ईद के दिन विशेष तौर पर बनाई जाने वाली सेवईयों और तरह तरह के पकवान बनाने के लिए पापड़, चिप्स, खजला वगैरह की भी जमकर खरीदारी हुई। उधर घरों में भी ईद की तैयारियां तकरीबन पूरी कर ली गईं हैं। घरों को सजा संवारकर महिलाएं ईद के दिन बनाए जाने वाले पकवानों की तैयारियां करती रहीं।
ईद और रथयात्रा मेला के मद्देनजर पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स ने मंगलवार को शहर के सभी इलाकों में रूट मार्च किया। रूट मार्च में नगर क्षेत्र के सभी क्षेत्राधिकारी और थानेदार शामिल रहे। इस दौरान अपील की गई कि ईद का त्योहार और रथयात्रा मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए आमजन पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। विवाद की स्थिति न पैदा होने दें। अफवाहें फैलाने वालों और शरारती तत्वों से सावधान रहकर उनकी जानकारी सीधे पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम और पता पुलिस गुप्त रखेगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति के पैदा होने पर घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम के सौ नंबर या नजदीकी थाने पर दें।