Raksha Bandhan 2025 : रक्षाबंधन पर निशुल्क सफर करने के लिए बसों में खचाखच भीड़ दिख रही है। कैंट स्थित रोडवेज बस स्टेशन से गोरखपुर, प्रयागराज, जौनपुर सहित अन्य जगहों पर जाने वाली बसों में महिलाओं की काफी भीड़ हो रही है।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से तीन दिन तक निशुल्क सफर करने की सुविधा की शुरुआत शुक्रवार से हो गई। कैंट स्थित रोडवेज बस स्टेशन से गोरखपुर, प्रयागराज, जौनपुर सहित अन्य जगहों पर जाने वाली बसों में भीड़ आम दिनों की अपेक्षा तीन गुना ज्यादा रही।
विज्ञापन
महिलाओं को सीट के लिए मारामारी करनी पड़ी। बनारस से शुक्रवार सुबह 6 बजे से महिला और उसके साथ एक सहयात्री की निशुल्क यात्रा की शुरुआत होनी थी। इसको लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने साथ एक सहयात्री लेकर पहुंची।
किसी को प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ तो किसी को कानपुर, आजमगढ़ आदि जिलों में जाना था। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम ने बताया कि 10 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाएं अपने एक सहयात्री के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। पहले दिन क्षेत्रीय प्रबंधक ने बसों में महिलाओं को गुलाब का फूल भेंटकर निशुल्क यात्रा की शुभकामनाएं दीं।